डेली टीवी, चंडीगढ़/जालंधर। चंडीगढ़ की सेवक फार्मेसी पर फायरिंग करने वाले दोनों शूटरों को पुलिस ने सेक्टर-39 की मंडी के पास जंगल एरिया में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को देखते ही भागने की कोशिश कर रहे आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

गोली पुलिस मुलाजिमों की जैकेट पर लगी, लेकिन बुलेटप्रूफ जैकेट होने के कारण बड़ा हादसा टल गया। इसके बाद पुलिस ने तुरंत जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी और वे घायल हो गए।
घायल आरोपियों की पहचान राहुल और रिक्की के रूप में हुई है, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस एनकाउंटर को क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर सतविंदर दूहन और उनकी टीम ने अंजाम दिया।
ऑपरेशन में क्राइम ब्रांच के रविंदर बूरा, नीरज गुज्जर, संदीप समेत अन्य पुलिस कर्मियों ने अहम भूमिका निभाई। पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और मामले की गहन जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार, सेवक फार्मेसी पर फायरिंग के बाद आरोपियों ने डेराबस्सी में फॉर्च्यूनर गाड़ी लूटने की कोशिश की थी। इसके बाद जालंधर में भी एक प्रॉपर्टी डीलर की फॉर्च्यूनर कार पर फायरिंग की गई।
फरारी के दौरान आरोपी एक्टिवा छोड़कर टैक्सी में भागे थे, लेकिन पुलिस की मुस्तैदी से उन्हें घेर लिया गया। जवाबी फायरिंग में मुठभेड़ के बाद दोनों शूटर काबू कर लिए गए।










