डेली टीवी, जालंधर: Commissionerate Police Jalandhar ने संतोषपुरा इलाके में एक सरकारी पशु चिकित्सक के घर के बाहर फायरिंग करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर (IPS) के नेतृत्व में की गई।

जानकारी के अनुसार 28 फरवरी 2026 को तड़के करीब 1:40 बजे संतोषपुरा में डॉक्टर यशपाल के घर के बाहर खड़ी कार और गेट पर अज्ञात बदमाशों ने गोलियां चलाई थीं। घटना के बाद थाना डिवीजन नंबर 8 में मामला दर्ज कर विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने जगजीत सिंह और लवप्रीत सिंह (दोनों निवासी गांव बडाला जोहल, थाना जंडियाला गुरु, अमृतसर) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से 30 और 32 बोर की दो पिस्टल, मैगजीन, जिंदा कारतूस, वारदात में इस्तेमाल की गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल तथा घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद किए गए हैं।
पुलिस आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल करेगी और यह भी पता लगाया जाएगा कि वे किसी अन्य वारदात में शामिल तो नहीं हैं। इस कार्रवाई से साफ संदेश गया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।










