डेली टीवी, जालंधर। नगर निगम के कूड़ा प्रबंधन में बड़े घोटाले का पर्दाफाश हुआ है। मेयर विनीत धीर ने सुबह करीब 5 बजे डंपिंग साइट पर अचानक छापेमारी कर गड़बड़ी को मौके पर ही पकड़ लिया। उनके साथ आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ सेठ भी मौजूद थे।

छापेमारी के दौरान मेयर खुद डंपिंग ग्राउंड पर खड़े होकर कूड़ा ढोने वाली गाड़ियों की जांच कर रहे थे। इसी बीच एक टिप्पर पर शक होने पर उसे खाली करवाया गया, जिसमें कूड़े की बजाय मकान का मलबा मिला।
जांच में सामने आया कि ठेकेदार वजन बढ़ाने के लिए कूड़े के नीचे ईंट-पत्थर डाल रहा था, जिससे नगर निगम से ज्यादा भुगतान वसूला जा सके।

मौके पर ही मेयर ने टिप्पर मालिक को फटकार लगाई और नगर निगम कमिश्नर को ठेकेदार सतपाल के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
शुरुआती जांच में यह भी सामने आया कि संबंधित ठेकेदार पर पहले भी दो बार 2-2 लाख रुपये का जुर्माना लगाया जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद धांधली जारी रही।
अब नगर निगम ठेका रद्द करने और आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की तैयारी में है। इस कार्रवाई से साफ संकेत मिल रहे हैं कि कूड़ा प्रबंधन में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख अपनाया जाएगा।










